मोदी ने बढ़ाया फासला, रालोद फिलहाल मुश्किल में

 

उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव की मतगणना में सुबह दस बजे तक मिले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 55, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) 13, समाजवादी पार्टी आठ, कांग्रेस और अपना दल (सोनेलाल) दो-दो सीटों पर बढत बनाये हुये हैं। वाराणसी में प्रधानमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने तीसरे चरण की समाप्ति पर कांग्रेस के अजय राय से 50 हजार से अधिक मतों की बढ़त बना ली है जबकि गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अजित सिंह एवं उनके पुत्र जयंत चौधरी के अलावा प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) उम्मीदवार शिवपाल सिंह यादव पिछड़ रहे हैं। अमेठी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भाजपा की स्मृति इरानी कड़ी टक्कर दे रही है। सुबह दस बजे तक श्रीमती इरानी कांग्रेस अध्यक्ष से 85 मतों से आगे हैं। फिरोजाबाद में समाजवादी पार्टी (सपा) प्रत्याशी अक्षय यादव और उनके चाचा एवं प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) उम्मीदवार शिवपाल सिंह यादव की लड़ाई में भाजपा उम्मीदवार को फायदा मिलता दिख रहा है। यहां भाजपा के डा चंद्रसेन जादौन सपा प्रत्याशी से मामूली बढत बनाये हुये हैं। आजमगढ से सपा उम्मीदवार अखिलेश यादव अपने निकटतम प्रतिद्धंदी भाजपा के दिनेश लाल यादव निरूहुआ से लगभग आठ हजार मतों से आगे हैं। बदायूं में भाजपा की संघमित्र माैर्य सपा के धमेन्द्र यादव से 2630 मतों से आगे चल रहे है। फतेहपुर सीकरी से भाजपा के राजकुमार चाहर बसपा के भगवान शर्मा से करीब नौ हजार मतों से आगे चल रहे है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं उम्मीदवार राजबब्बर तीसरे स्थान पर खिसक गये हैं। गोरखपुर में भाजपा उम्मीदवार रविकिशन ने अपने निकटतम प्रतिद्धंदी सपा के रामभुआल निषाद से 55 हजार से अधिक मतों की बढत बना ली है। मैनपुरी में सपा संरक्षक एंव उम्मीदवार मुलायम सिंह यादव ने भाजपा के प्रेम सिंह शाक्य से सात हजार मतों से बढत बना ली है। बरेली में भाजपा के संतोष कुमार गंगवार सपा उम्मीदवार से नौ हजार से अधिक मतों से आगे हैं।