राहुल का पीएम बनना तय

ऊना की जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का दावा

ऊना – पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत तय है और राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री होंगे। वीरभद्र सिंह शुक्रवार को ऊना के पुलिस मैदान मे कांग्रेस की चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के होनहार नौजवान नेता हैं, जो कि एक ऐतिहासिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। राहुल ने अपनी मेहनत व प्रतिभा के दम पर पार्टी में मुकाम हासिल किया है, वहीं अब वह देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि वह लोगों से झूठे वादे कर सत्ता में आए। मोदी ने लोगों को तरह-तरह के प्रलोभन दिए, वहीं तथाकथित विकास व उपलब्धियों के झूठे आंकड़े सामने रखे, लेकिन भारत के लोग सब समझते हैं। कांग्रेस अपने विरोधियों पर तीव्र हमले नहीं करती, लेकिन यदि विरोधी ही तीखे हमलों पर उतर आएं, तो उसका जवाब देना हमारा फर्ज बन जाता है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि ढोल की पोल खोलना जरूरी है। पहाड़ी लोग एहसानफरामोश नहीं होते तथा यदि किसी ने उनको पानी का गिलास भी पिलाया, तो उसके एहसान को याद रखते हैं।