रोहतांग में हिमपात थमे गाडि़यों के पहिए

मनाली – विश्व पटल में प्रसिद्ध रोहतांग दर्रे पर बर्फबारी हुई। बर्फबारी होने से कुल्लू-लाहुल के बीच शुरू हुई बस सेवा भी बंद हो गई। वहीं, मढ़ी से आगे पर्यटक वाहन भी शुक्रवार को मौसम की हालत देखकर नहीं दौड़ पाए। दूसरी ओर बर्फबारी और बारिश होने से जिला कुल्लू में लोगों के साथ बाहरी राज्यों से आए पर्यटकों ने गर्मी से राहत की सांस ली है। रोहतांग में शुक्रवार सुबह से शाम तक दो से तीन इंच तक ताजा हिमपात हुआ है। पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे में सुबह से ही बर्फ  के फाहे गिरने शुरू हो गए, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर बारिश का दौर चलता रहा। बारिश व बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शक्रवार को रोहतांग दर्रे सहित धुंधी की पहाडि़यों, मनालसू जोत, भृगु व दशौहर जोत, मकरवेद व शिकरवेद की पहाडि़यों, हामटा जोत, हनुमान टिब्बा व इंद्र किला में बर्फ  के फाहे गिरे।