शतरंज खेलने वाले टीचर्ज के नाम बताएं

कांगड़ा- हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में शतरंज विषय को शुरू करने के लिए प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने प्रक्रिया आरंभ कर दी है। इस विषय को शुरू करने को प्रदेश भर से ऐसे जेबीटी अध्यापकों की सूची मांगी है जो इस खेल में रुचि रखते हैं। खंड स्तर पर कम से कम 20-20 अध्यापकों की सूची निदेशालय को भेजनी होगी। इसके लिए निदेशालय ने 10 दिनों का समय दिया है। प्रदेश प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने सभी प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशकों को यह सूची निर्धारित प्रपत्र पर भेजने को कहा गया है। जानकारी के अनुसार प्रदेश के स्कूलों में पहली से पांचवीं कक्षा तक शतरंज विषय को शुरू करने को लेकर विचार किया जा रहा है। शतरंज विषय को शुरू करने के लिए बाकायदा इसका पाठ्यक्रम भी तैयार किया जाएगा। वहीं, अब प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने सभी शिक्षा उपनिदेशकों को जेबीटी अध्यापकों की सूची उपलब्ध करवाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इसमें प्रदेश भर के ऐसे अध्यापकों की सूची तैयार की जाएगी, जोकि शतरंज खेल में रुचि रखते हों। इतना ही नहीं, यदि जेबीटी अध्यापक द्वारा शतरंज खेल में भाग लिया गया है, उसका विवरण भी रेटिंग के आधार पर उपलब्ध करवाना होगा।