शिलारू खेल केंद्र को मिलें बेहतरीन सुविधाएं

शिमला – शिलारू स्थित खेल केंद्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। खिलाडि़यों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए इस केंद्र को जल्द ही विकसित किया जाएगा। मुख्य सचिव बीके अग्रवाल ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय खेल सचिव आरएस जुलानिया से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने उनसे शिलारू प्रशिक्षण केंद्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर के केंद्र में विकसित करने की जोरदार पैरवी की। उन्होंने कहा कि यह केंद्र भारतीय खिलाडि़यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिस्पर्धाओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि देश में इतनी ऊंचाई पर कोई भी ऐसा केंद्र नहीं है, यदि इस केंद्र में इस प्रकार की विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, तो अन्य विदेशी खिलाड़ी भी यहां प्रशिक्षण लेना पसंद करेंगे। उन्होंने खेल सचिव को अंतरराष्ट्रीय स्तरीय हाई एल्टीट्यूट केंद्र को विकसित करने की योजना को अंतिम रूप देने के लिए शिमला आने का निमंत्रण भी दिया।