370 कभी नहीं हटा पाएगी भाजपा

हरोली की जनसभा में गुलाम नबी बोले, मोदी सरकार का जाना तय

हरोली —कांग्रेस पार्टी के स्टार प्रचारक अखिल कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा जम्मू-कश्मीर से सौ सालों में भी धारा-370 को नहीं हटा पाएगी। जब केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के रहते व मोदी सरकार के पूर्ण बहुमत के रहते भाजपा इस धारा को नहीं हटा पाई, तो फिर अब क्या कर पाएगी। गुलाम नबी आजाद शुक्रवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के गांव ललड़ी में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में मोदी सरकार का जाना तय है और महागठबंधन में शामिल सभी दलों की सहमति से प्रधानमंत्री पद के लिए नेता का चयन होगा। उन्होंने हिमाचल व पंजाब के साथ पुराने रिश्तों का हवाला देते हुए लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा बार-बार सवाल उठाती है कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया, तो उन्हें भाखड़ा डैम के रूप में कांग्रेस के विकास का प्रत्यक्ष प्रमाण मिल जाएगा। जनसभा को कांग्रेस के स्टार प्रचारक आचार्य प्रमोद कृष्णन ने संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार अपने किसी भी वादे पर खरा नहीं उतर पाई है। पांच साल में भाजपा से न तो राम मंदिर बना और न ही गंगा साफ हुई। अब देश की जनता भाजपा को जरूर साफ कर देगी। उन्होंने बापू के हत्यारे को देशभक्त बताने वाले भाजपाइयों को भी आड़े हाथ लिया, वहीं भाजपा के राष्ट्रवाद पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं से कहीं ज्यादा कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता हिंदू धर्म को मानते हैं। भाजपा केवल धर्म के नाम पर ही राजनीति करती है। जनसभा को क्षेत्र के विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने भी संबोधित किया।