एक नजर

वेनेजुएला में बस पलटी 16 लोगों की जान गई

ब्यूनस आयर्स। वेनेजुएला में एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 16 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया ने सोमवार को बताया कि बस सन क्रिस्टोबल शहर से मैराकाइबो की ओर जा रही थी कि रास्ते में इसका चक्का फट गया। इसके बाद वाहन से चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। इस हादसे में कुछ लोग घायल भी हो गए हैं। सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीरिया में आतंकी हमला, 12 की मौ

दमिश्क। सीरिया के अलेप्पो प्रांत में आतंकवादियों के गुट ने एक गांव पर मोर्टार से हमला कर दिया, जिसमें 12 नागरिकों की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक इस हमले में 15 लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अलेप्पो शहर के बाहरी रशीदीन क्षेत्र में तैनात सशस्त्र गुटों ने अलेप्पो के दक्षिणी क्षेत्र को निशाना बनाकर कई मोर्टार दागे जो अल-वदीही गांव में जाकर गिरे।

इंडोनेशिया में सड़क हादसा, 12 शिकार

जकार्ता। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता को पूर्वी जावा शहरों को जोड़ने वाले टॉल मार्ग पर सोमवार की सुबह कुछ वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने से 12 लोगों की मौत हो गई। पश्चिमी जावा के मजेलेंग्का यातायात पुलिस की प्रमुख अतिक सुस्वंती ने कहा कि इस दुर्घटना में एक बस, एक ट्रक और वैन कारें शामिल थीं। यह भीषण हादसा उस समय हुआ, जब एक बस अचानक विपरित लेन में घुस गई और जकार्ता की ओर जाने वाले कुछ वाहनों में टक्कर मार दी।

पराग्वे की जेल में दंगा दस कैदियों की मौत

एसनसियोन। पराग्वे की एक जेल में हुए दंगे में दस कैदियों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। गृह मंत्रालय की तरफ से यह जानकारी दी गई। गृह मंत्री जुआन विलामेयर ने बताया कि राजधानी से करीब 400 किलोमीटर उत्तरपूर्व में सान पेड्रो दे यकुआमांडियू की जेल में ‘दो आपराधिक संगठनों’ के बीच झड़प हो गई। विलामेयर में कहा कि सभी मृतक नार्को समूह के हैं।

न्यूजीलैंड-जापान में भूकंप के तेज झटके

वेलिंगटन, टोक्यो। न्यूजीलैंड और जापान में सोमवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। न्यूजीलैंड में एलएस्पेरांस रॉक से 135 किलोमीटर पूर्व-उत्तर पूर्वी इलाके में सोमवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.0 मापी गई। उधर, जापान के सबसे बड़े द्वीप होंशु के उत्तर पूर्वी हिस्से में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.2 मापी गई।

तुर्की में नौका डूबी, नौ अवैध प्रवासी लापता

इस्तांबुल। तुर्की के एजियन तट पर सोमवार को एक नौका के डूबने की घटना में नौ लोग लापता हैं, लेकिन इस पर सवार 31 अन्य लोगों को बचा लिया गया है। तुर्की के तटरक्षक गार्ड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट में बताया कि दक्षिण-पश्चिमी प्रांत मुगला के बोडरम जिला के पास 40 अवैध शरणार्थियों को ले जा रही एक नौका पलट गई।