एचपीयू के प्रो वीसी आज होंगे रिटायर

शिमला – हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रो वीसी प्रो. राजेंद्र सिंह चौहान 43 साल के कार्यकाल के बाद गुरुवार को अपने पद से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। प्रो. आरएस चौहान तत्कालीन कांग्रेस सरकार के समय में वर्ष 2014 में विश्वविद्यालय के पद पर नियुक्त हुए थे। मई, 2014 में उन्हें छह माह सेवा विस्तार मिलने के कुछ दिनों बाद उन्हें तीन साल का अतिरिक्त कार्यकाल दिया गया।   प्रो. आरएस चौहान ने गत छह वर्षों  से वीसी के पद पर अपनी सेवाएं दीं। 15 महीनों के  कार्यकाल में विश्वविद्यालय का एडिशनल चार्ज शांतिप्रिय माहौल बनाए रखने में कामयाब रहे। विश्वविद्यालय में तनावपूर्ण माहौल को शांतिपूर्ण तरीके से निपटाने के लिए उनकी बहुत महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है। विवि में तीनों छात्र संगठनों के बीच एक सामंजस्य स्थापित किया है। प्रो. आरएस चौहान के कार्य की सराहना करने व उनके कार्यकाल समाप्त होने पर विश्वविद्यालय प्रशासन उन्हें बुधवार से ही शुभकामनाएं देने पहुंचे। प्रो. राजेंद्र 1973  के दशक में विवि में आए थे। 1981 में विवि में बतौर शिक्षक उनकी तैनाती हुई और 2011 तक यह शिक्षण कार्य किया। उसके बाद प्रति कुलपति के पद पर सेवाएं दीं। अधिकतर विश्वविद्यालय के छात्रों का कहना है कि प्रो. राजेंद्र सिंह चौहान सदैव छात्रों की समस्याओं को सुनते हैं और हल भी करते हैं। प्रो. आरएस चौहान ने बताया कि उनके कार्यकाल में हमेशा से ही शांतिप्रिय व शैक्षणिक माहौल कायम रखा गया है। राजेंद्र सिंह चौहान विश्वविद्यालय की लगभग 200 से अधिक कमेटियों के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। प्रो. चौहान के उत्कृष्ट कार्य के  कारण वह विवि के जटिल समस्याओं की कमेटियों के अध्यक्ष के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।  वहीं कई विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर की चयन समिति में भी रह चुके हैं।