गलत बयान दे रहे कर्मचारी नेता

परिवहन मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने जड़ा आरोप

 कांगड़ा —हिमाचल पथ परिवहन निगम में अधिकारियों के चहेते बनने के लिए कुछ कर्मचारी नेता परिवहन मजदूर संघ के नेताआें पर प्रताडि़त करने के झूठे आरोप लगा रहे हैं। संघ के नेता द्वारा भ्रष्टाचार के उठाए गए मामलों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए गलत बयानबाजी का सहारा लिया जा रहा है। परिवहन मजदूर संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि संघ के नेता द्वारा कर्मचारियों का प्रताडि़त किया जा रहा है, तो उनके खिलाफ पुलिस में एफआईआर करवाने से उन्हें कौन रोक रहा है। परिवहन मजदूर संघ का आरोप है कि कुल्लू तेल घोटाले में कर्मचारी नेता का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है, ऐसे में कार्रवाई के डर के चलते अब कर्मचारी नेता द्वारा संघ के पदाधिकारियों के खिलाफ झूठी बयानबाजी की जा रही है। हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश सचिव संदीप शर्मा, धर्मशाला क्षेत्र के प्रधान रणजीत सिंह, शमशेर सिंह, पवन कुमार, जय करण, अशोक कुमार, सुनील कटोच, कपिल राणा, जीवन सिंह, प्रवीण कुमार, चमन लाल, सुशील कुमार, मनजीत सिंह, राकेश सहित अन्य सदस्यों ने कहा कि इंटक सदस्यों को प्रताडि़त करने के झूठे आरोप कर्मचारी नेता द्वारा लगाए जा रहे हैं। कर्मचारी नेता बताएं कि उन्होंने संघ के नेता के खिलाफ कहां-कहां मामले दर्ज करवाए हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों की चापलूसी करने के लिए उक्त नेता झूठी बयानबाजी कर संघ के स्थापित नेता द्वारा उजागर किए गए भ्रष्टाचार के अनेक मामलों से प्रदेश की जनता और परिवहन कर्मचारियों का ध्यान हटाने का प्रयास कर रहे हैं।