जेपी नड्डा बनेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

हिमाचल को केंद्रीय नेतृत्व में बड़ी जिम्मेदारी मिलने के संकेत दे गए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर

 शिमला —मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के संकेत दिए हैं। उनका कहना है कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को बड़ी जिम्मेदारी मिलने जा रही है। उन्होंने जगत प्रकाश नड्डा का उल्लेख करते हुए कहा कि अनुभव के आधार पर उन्हें संगठन में अहम दायित्व मिल सकता है। उनका कहना था कि श्री नड्डा के पास केंद्रीय राजनीति का लंबा अनुभव है। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा वह लंबे समय से पार्टी के महासचिव हैं। इसके चलते अब उन्हें और बड़ी जिम्मेदारी मिलने के आसार हैं। एक सप्ताह के दिल्ली प्रवास से लौट कर सचिवालय पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व में भाजपा सरकार के गठन के बाद हिमाचल में विकास की गति में तेजी लाने के लिए विशेष सौगात मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल और गतिशील नेतृत्व में देश आने वाले वर्षों में विकास के शिखर पर पहुंचेगा और एक विश्वशक्ति के रूप में उभरेगा। मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के सांसद अनुराग ठाकुर को केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों के राज्य मंत्री के रूप में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह राज्य के लिए अत्यंत गौरव की बात है कि अनुराग ठाकुर को वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों का एक महत्त्वपूर्ण विभाग आबंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि एनडीए-। में केंद्र सरकार द्वारा राज्य के एक अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता जगत प्रकाश नड्डा को स्वास्थ्य का प्रमुख विभाग प्रदान किया गया था, जिससे प्रदेश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास संभव हुआ। ‘इन्वेस्टर मीट’ के संबंध में प्रश्न का उत्तर देते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने दस जून, 2019 से जर्मनी और नीदरलैंड में अंतरराष्ट्रीय रोड शो आयोजित करने की योजना बनाई है, ताकि राज्य में विशाल निवेश क्षमता का प्रदर्शन किया जा सके।

प्रशासनिक ट्रिब्यूनल पर सोचेगी सरकार

सीएम ने कहा कि प्रशासनिक ट्रिब्यूनल का मामला सरकार के विचाराधीन है। मंत्रिमंडल के सहयोगी और पार्टी के दूसरे नेताओं से चर्चा के बाद सरकार फैसला लेगी कि इसे भंग किया जाए या नहीं।

विस्तार और फेरबदल  पर अभी फैसला बाकी

सीएम ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल के विस्तार और फेरबदल पर फैसला लेंगे। केंद्रीय नेतृत्व की व्यस्तता के बाद हाइकमान की सहमति के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।