दिल्ली में सजेगी अज्ञात श्रेष्ठ कृतियां

शिमला – संस्कृति और पर्यटन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार प्रहलाद सिंह पटेल शुक्रवार को नई दिल्ली में हिमाचल लोककला की अज्ञात श्रेष्ठ कृतियों पर प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। प्रदर्शनी का आयोजन संयुक्त रूप से नई दिल्ली के राष्ट्रीय संग्रहालय तथा होम ऑफ  फोक आर्ट जनजातीय लोक तथा उपेक्षित कला संग्रहालय गुरुग्राम द्वारा किया जा रहा है। इसमें 240 से अधिक कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसमें से 230 कृतियां होम ऑफ फोक आर्ट, गुरुग्राम के स्व. केसी आर्यन के निजी संग्रह हैं। यह प्रदर्शनी होम ऑफ  फोक आर्ट, गुरुग्राम के निदेशक बीएन आर्यन की परिकल्पना है और इसमें राष्ट्रीय संग्रहालय के महानिदेशक डा. बीआर मणि के निर्देश के अंतर्गत राष्ट्रीय संग्रहालय की अबीरा भट्टाचार्य ने सहायता दी है। यह प्रदर्शनी जनता के लिए 31 जुलाई तक खुली रहेगी।