दिल्ली में हिमाचल की प्रदर्शनी आज से

शिमला -दिल्ली में शुक्रवार से हिमाचल लोककला की अज्ञात श्रेष्ठ कृतियों पर प्रदर्शनी शुरू होने जा रही है। इसका उद्घाटन केंद्रीय संस्कृति मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल करेंगे। इस प्रदर्शनी का आयोजन संयुक्त रूप से नई दिल्ली के राष्ट्रीय संग्रहालय तथा होम ऑफ फोक आर्ट (जनजातीय लोक तथा उपेक्षित कला संग्रहालय), गुरुग्राम द्वारा किया जा रहा है। इसमें 240 से अधिक कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसमें से 230 कृतियां होम ऑफ फोक आर्ट, गुरुग्राम के स्व. केसी आर्यन के निजी संग्रह हैं। यह प्रदर्शनी होम ऑफ फोक आर्ट, गुरुग्राम के निदेशक बीएन आर्यन की परिकल्पना है और इसमें राष्ट्रीय संग्रहालय के महानिदेशक डा. बीआर मणि के निर्देश के अंतर्गत राष्ट्रीय संग्रहालय की अबीरा भट्टाचार्य ने सहायता दी है। यह प्रदर्शनी जनता के लिए 31 जुलाई तक खुली रहेगी। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश की लोककला परंपरा को प्रदर्शित करना है। पूर्ण राज्य बनने से पहले हिमाचल प्रदेश को ब्रिटिश प्रशासकों द्वारा पंजाब हिल स्टेट कहा जाता था। इस राज्य की कला और कारीगरी हमें यह जानकारी देती है कि पंजाब में क्या रहा होगा।