पंचकूला में कूड़ा प्रबंधन प्लांट जल्द

जिले को स्वच्छ बनाने में जुटा प्रशासन, कचरे के स्थायी समाधान को विभाग ने जारी किए टेंडर

पंचकूला -विधायक एवं मुख्य सचेतक ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि पंचकूला में ठोस कूड़ा प्रबंधन की समस्या के स्थाई समाधान के लिए झीड़ीवाला में कूड़ा प्रबंधन प्लांट लगाने के टेंडर जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इस परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा और इसके उपरांत शहर का स्थाई स्तर और अधिक बेहतर होगा। श्री गुप्ता  रेड बिशप पर्यटक स्थल पंचकूला में नगर निगम द्वारा आयोजित स्वच्छता पुरस्कार कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में विधायक लतिका शर्मा भी विशेषतौर पर उपस्थित रहीं और दोनों विधायकों ने नगर निगम के सभी 20 वार्डों के सफाई कर्मियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।  ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि नगर निगम पंचकूला ने देशभर में स्वच्छता संरक्षण में 71वां स्थान हासिल किया है और हरियाणा में जिला का तीसरा स्थान है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को सुधारने में सफाई सैनिकों की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है और जिला के रैंक में और अधिक सुधार के लिए हर नागरिक को भी इसमें अपना सहयोग देना होगा। उन्होंने नगर निगम द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों, सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे, 14 स्थानों पर वाइफाई सुविधा तथा अन्य उपलब्धियों का भी विस्तारपूर्वक जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 21 जुलाई को पंचकूला में स्वच्छ पंचकूला, स्वस्थ पंचकूला और सुंदर पंचकूला विषय पर एक बड़े स्तर की मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस मौके  पर नगर निगम के अधिकारियों ने स्वच्छता और विकास संबंधि कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ साथ उनके मेधावी बच्चों को नकद पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाता हैं। इस मौके पर नगर निगम के आयुक्त राजेश जोगपाल, नगराधीश गगनदीप सिंह व सिविल सर्जन डा. योगेश शर्मा समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।