पहले विदेश दौरे पर जर्मनी जाएंगे सीएम

शिमला  — हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पहली दफा विदेश दौरे पर जा रहे हैं। उनका यह दौरा प्रदेश में निवेश लाने के लिए हो रहा है। विदेश यात्रा से पहले मुख्यमंत्री सात जून को दिल्ली जाएंगे, जहां पर दो दिन रहने के बाद वह नौ जून की रात को जर्मनी की फ्लाइट लेंगे। मुख्यमंत्री के साथ अधिकारियों की टीम इस विदेश यात्रा पर जा रही है। सात जून को दिल्ली जाकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। उन्हें जीत की बधाई के साथ प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार व अन्य विषयों पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री नौ जून की रात को जर्मनी के लिए रवाना होंगे, जहां प्रदेश की टीम फ्रेंकफर्र्ट शहर पहुंचेगी। बताया जाता है कि यहीं पर निवेशकों के साथ मुलाकात होगी और विस्तार से हिमाचल में निवेश को लेकर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री के साथ इस टीम में अधिकारियों के अलावा सीआईआई के प्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे, जिन्होंने वहां पर निवेशकों के साथ बैठकें तय की हैं। 11 जून की रात को सीएम जर्मनी से हालैंड के लिए रवाना होंगे और 12 को हालैंड पहुंचकर वहां पर भी निवेशकों के साथ चर्चा करेंगे। यहां पर भी एक शहर में उद्योगपतियों के साथ बैठक होगी और रोड शो के दौरान हिमाचल में निवेश का न्यौता दिया जाएगा। बताया जाता है कि 15 या 16 जून को सीएम वापस दिल्ली लौट आएंगे और इसके बाद उनका वापस शिमला आने का कार्यक्रम है। इसके बाद हिमाचल की यह टीम 23 मई से दुबई के दौरे पर निकलेगी। बता दें कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पहली दफा किसी दूसरे देश जा रहे हैं। दुबई के बाद हिमाचल का रोड शो मुंबई में होगा।