प्रदेश भर में बारिश, पारा लुढ़का

तापमान में नौ डिग्री तक की गिरावट, गर्मी से मिली राहत

शमला —हिमाचल प्रदेश के मौसम में हुए बदलाव से मैदानी क्षेत्रों में रह रहे लोगों ने गर्मी से थोड़ी राहत पाई है। दो-तीन दिन से प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश होने से अधिकतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। बता दें कि जहां कुछ दिन पहले ऊना का तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया था, वहीं अब यही अधिकतम तापमान लुढ़क कर 34 डिग्री तक पहुंच गया है। इसी तरह ऊना जिला की तरह बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, सोलन, सुंदरनगर में भी तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, मौसम के बदले इस मिजाज से किसानों बागबानों को भी राहत मिली है। मैदानी क्षेत्रों में जो किसान-बागबान मक्की व अन्य फसलों की बिजाई नहीं कर पाए थे, उन्हें भी बिजाई करने का अवसर मिला गया है। विशेषज्ञों ने मक्की की फसल के लिए इस बारिश को काफी बेहतर बताया है। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो प्रदेश भर के कई क्षेत्रों में 24 जून तक मौसम ऐसे ही बना रहेगा। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। पूर्वानुमान  के अनुसार 20 से 22 जून तक  मैदानी क्षेत्रों को छोड़कर मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ भारी बारिश होगी। इसके अलावा 23 से 24 जून तक मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह का कहना है कि हिमाचल में प्री-मानसून दस दिन बाद आने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष की अपेक्षा इस बार प्रदेश में प्री-मानसून आठ दिन लेट आएगा। बहरहाल पिछले दो दिन से हो रही बारिश से प्रदेश भर में लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल गई है।