बिहार में लू से 24 घंटे में 66 लोगों की मौत, औरंगाबाद में सबसे ज्यादा 30 जानें गईं

औरंगाबाद – बिहार में भीषण गर्मी और लू की वजह से शनिवार को 66 लोगों की मौत हो गई। औरंगाबाद में सबसे ज्यादा 30, गया में 25 और राजधानी पटना में तीन लोगों की जान गई। लू के थपेड़ोंं से बेहाल मरीज शरीर में जलन की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचते रहे। अस्पतालों में करीब 100 मरीजों का इलाज चल रहा है। सरकार ने अस्पतालों को हाईअलर्ट पर रखा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि लोगों को सलाह देता हूं कि जब तक गर्मी से राहत न मिले, बाहर जाने से परहेज करें। औरंगाबाद के सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद ने जिले में लू की चपेट में आए 30 लोगों की मौत की पुष्टि की। 25 से अधिक ने सदर अस्पताल में दम तोड़ा, यहां 70 से ज्यादा मरीज भर्ती हैं। उधर, पटना के गांधी मैदान में पुलिस ने 35 साल के अज्ञात युवक का शव बरामद किया। पुलिस ने कहा कि युवक की मौत लू लगने से हुई।डाक्टरों की मानें तो लू से वायरल फीवर आया। मरने वाले अधिकांश मरीजों को 102 से 108 डिग्री तक बुखार था। 108 डिग्री बुखार देखकर सदर अस्पताल के डॉक्टर हैरान रह गए। आमतौर पर 108 डिग्री बुखार नहीं होता है। मरीज सदर अस्पताल आते गए और चंद मिनट में उनकी मौत होती चली गई। हालांकि, डॉक्टर एंटीबायोटिक और बुखार की दवा दे रहे थे, लेकिन मरीजों पर कोई असर नहीं हो रहा था।