मुगला विकास समिति की आय पौने पांच लाख

बैठक के दौरान प्रधान हरि राम पुरी ने सदस्यों को आय-व्यय पर दी जानकारी

चंबा—मुगला विकास समिति की बैठक रविवार को संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के प्रधान हरि राम पुरी ने की। बैठक में समिति के सदस्यों की संख्या को बढ़ाने सहित अन्य महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही समिति के आय- व्यय के स्रोतों की भी सदस्यों को जानकारी दी गई। समिति के प्रधान हरिराम पुरी ने कहा कि वर्तमान समय में समिति सदस्यों की कुल संख्या 91 है। इनमें आजीवन सदस्य हैं तथा 43 साधारण सदस्य हैं। आठ मई, 2019 तक समिति की कुल आय चार लाख 80 हजार 295 है। इनमें से दो लाख रुपए बैंक में फिक्सड डिपोजिट हैं और 40 हजार 75 रुपए सेविंग अकाउंट में हैं। समिति का कुल खर्चा दो लाख 40 हजार 220 रुपए है। आय के मुख्य साधन कुर्सियों, मैट्रेस व रजाइयों का किराया है। सदस्यता से आय दो लाख 91 हजार 787 रुपए है। उन्होंने कहा कि मुगला बाजार में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग की पाइपलाइन सड़ चुकी है, जिस कारण कई जगहों पर पानी का रिसाव हो रहा है। ऐसे में जहां पानी की बर्बादी हो रही है वहीं सड़क को भी काफी नुकसान हो रहा है। सड़क पर पानी एकत्रित होने के कारण राहगीरों को चलने में काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। इस बारे में आइपीएच कर्मचारियों को कई बार अवगत करवाया जा चुका है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जल्द इस समस्या को हल करवाने के लिए आइपीएच अधिशाषी अभियंता से मिलेंगे। बैठक में रजनीश महाजन, बिट्टू महाजन, रमेश चोणा, सुशील नैयर, विश्वानाथ महाजन, कविंद्र महाजन, सुरेश महाजन, योगेश महाजन, हरवंश पुरी, डा. असित, केके शर्मा तथा सीएस राणा आदि मौजूद रहे।