वीरभद्र सिंह ने मनाया 86वां जन्मदिन

जयराम ठाकुर ने दी बधाई, होलीलॉज में जुटे समर्थकों संग डाली नाटी

शिमला —पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह ने रविवार को अपना 86वां जन्मदिवस होलीलॉज में मनाया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी वीरभद्र सिंह को उनके जन्मदिवस पर बधाई दी। उन्होंने फोन पर वीरभद्र सिंह को बधाई दी। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भी वीरभद्र सिंह को फोन कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।  बताया जाता है कि यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी वीरभद्र सिंह को उनके जन्मदिन पर बधाई व शुभकामनाएं दीं। उनके समर्थकों ने उनके निवास पर पहुंचकर ढोल-नगाड़ों की धुनों पर नाटी डाली और केक काटा। वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष ख्वाजा खलिलउल्लाह ने भी उन्हें मुबारकबाद दी। यहां प्रतिभा सिंह और विक्रमादित्य सिंह ने समर्थकों के साथ जश्न मनाया। राज्यपाल आचार्य देव व्रत की ओर से उनके सलाहकार शशिकांत शर्मा ने पुष्प गुच्छ भेंट किया। अर्की विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने राजेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में विशेष उत्साह के साथ वीरभद्र सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनकी दीर्घायु की कामना की। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर, पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री विद्या स्टोक्स ने होलीलॉज जाकर फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनकी दीर्घायु की कामना की।  यहां कांग्रेस के कुछ विधायक भी पहुंचे थे। कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष अनुराग शर्मा के अलावा युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन, इंटक के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी और प्रमुखों ने उन्हें यहां पहुंचकर शुभकामनाएं दीं।