साक्षी महाराज बोले, ममता हिरण्यकश्यप की वंशज

हरिद्वार -यूपी के उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर एक विवादित बयान दिया है। साक्षी ने ममता बनर्जी को त्रेतायुग के राक्षस हिरण्यकश्यप की वंशज बताया है। साक्षी महाराज का यह विवादित बयान तब सामने आया है, जब पश्चिम बंगाल में भाजपा और टीएमसी के बीच तल्खी जारी है। ऐसे में इस बयान पर सियासी हलकों में घमासान मचना तय है। ममता पर विवादित टिप्पणी करते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि बंगाल की जब बात आती है तो त्रेता याद आता है। एक राक्षसराज था, हिरण्यकश्यप। उसके बेटे ने कह दिया जय श्रीराम तो बाप ने बेटे को जेल में बंद कर दिया था। बहुत सारी यातनाएं दी थीं। बंगाल में वही दोहराया जा रहा है। बंगाल में लगता है कि हिरण्यकश्यप के खानदान की तो ममता नहीं हैं, जहां जय श्रीराम कहने वालों को यातनाएं दी जा रही हैं। जेल में भेजा जा रहा है। अब तो यह स्थिति हो गई है कि जय श्रीराम कहने से वह (ममता) खिसियाने लगी हैं। गालियां देने लगी हैं और सड़कों पर उतरने लगी हैं। विरोध में न जाने क्या-क्या योजना बनाने लगी हैं। इस दौरान साक्षी महाराज ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्जकर भाजपा सरकार बनाएगी।