आज होगा राज्य स्तरीय वन महोत्सव का आगाज

शिमला – राज्य स्तरीय वन महोत्सव का आगाज शुक्रवार को होगा। द्रंग विधानसभा क्षेत्र के तहत पनारसा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस बार वन महोत्सव में 25 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए वन विभाग ने सात सौ साइट्स चिन्हित कर दी हैं। जानकारी के मुताबिक इस बार निजी बंजर भूमि पर चंदन के पौधे रोपे जाएंगे। प्रदेश सरकार और वन विभाग ने पहली बार ऐसा नया प्रयोग करने का निर्णय लिया है। चंदन के पौधे जिला मंडी, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना के क्षेत्रों में रोपने का प्रस्ताव है। जिला किन्नौर में चिलगोजा और लाहुल-स्पीति में छरमा के पौधे रोपे जाएंगे। पौधारोपण के दौरान 50 प्रतिशत तक फलदार पौधे रोपे जाएंगे तथा किसानों को निजी भूमि पर रोपित करने के लिए चंदन के पौधे भी प्रदान किए जाएंगे।