ऑनलाइन होंगी दवाओं की सरकारी दुकानें

पारदर्शिता लाने के लिए नागरिक आपूर्ति निगम का फैसला

शिमला –राज्य नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा प्रदेश में चलाई जा रही उचित मूल्य की दवा दुकानों को ऑनलाइन किया जाएगा। इससे जरूरतमंद रोगियों तथा उनके सहायकों को बड़ी सुविधा होगी। इस व्यवस्था से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित हिमाचल प्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम की 159वीं निदेशक मंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में निगम द्वारा प्रदेश के विभिन्न राजकीय अस्पतालों व अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के परिसरों में 29 उचित मूल्य की दवाई की दुकानें चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के लोगों को पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध करवाने के प्रति वचनबद्ध है। जयराम ठाकुर ने कहा कि निगम द्वारा स्थापित 67 गोदामों पर निगरानी रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा शेष चार अन्य गोदामों में कैमरे लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। निगम द्वारा किराए पर लिए गए सभी 338 गोदामों में भी ऐसी व्यवस्था किए जाने के प्रयास किए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश राज्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने मुख्यमंत्री को प्रदेश के लोगों की आशाओं के अनुरूप निगम में समर्पण की भावना से कार्य करने का भरोसा दिलाया।

नियमितीकरण का तोहफा

बैठक में निगम में 31 मार्च, 2019 तथा 30 सितंबर, 2019 को तीन वर्ष की लगातार सेवाएं प्रदान करने वाले अनुबंध कर्मचारियों की सेवाएं नियमित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में 30 सितंबर, 2018 को पांच वर्ष की सेवाएं पूर्ण करने वाले दिहाड़ीदारों की सेवाएं नियमित करने का भी निर्णय लिया गया। निगम के कार्यों को सुचारू रखने के लिए आउटसोर्स पर कर्मचारी रखने को भी अपनी स्वीकृति प्रदान की।