धनेश्वरी ठाकुर को भाजपा महिला मोर्चा की कमान

शिमला – हिमाचल भाजपा ने धनेश्वरी ठाकुर को अपने महिला मोर्चा की कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इंदू गोस्वामी के इस्तीफे के बाद पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने धनेश्वरी ठाकुर को कार्यकारी अध्यक्ष की कमान सौंप दी। प्राप्त जानाकरी के मुताबिक शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने इंदू गोस्वामी का इस्तीफा मंजूर कर लिया। सत्ती ने बताया कि महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष इंदू गोस्वामी ने स्वेच्छा से अपने पद से त्यागपत्र दिया है, जिसे मंजूर कर लिया गया है। इंदू गोस्वामी के स्थान पर महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री धनेश्वरी ठाकुर को भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। बताया जा रहा है कि  धनेश्वरी ठाकुर वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की बहन हैं। धूमल सरकार के कार्यकाल में धनेश्वरी ठाकुर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। इसे देखते हुए प्रदेश भाजपा ने उन्हें महिला मोर्चा में नई जिम्मदारी सौंप दी। उल्लेखनीय है कि इंदू गोस्वामी ने 2017 में पालमपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन वह कांग्रेस के आशीष बुटेल से हारी थीं। इंदू गोस्वामी वर्ष 2017 से 2019 तक प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष रहीं। यानी तीन साल के कार्यकाल के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया।