बोरिस जॉनसन कैबिनेट में तीन भारतीय

प्रीति पटेल गृह मंत्री बनाईं, नारायणमूर्ति के दामाद सुनाक और आलोक शर्मा को भी जगह

लंदन – भारतीय मूल की प्रीति पटेल फिर से ब्रिटेन सरकार में शामिल की गई हैं और उन्हें गृह मंत्री का ओहदा दिया गया है। उनके साथ ही दो और भारतीयों को भी कैबिनेट में जगह मिली है। दोनों भारतीयों में एक इन्फोसिस के सहसंस्थापक एनआर नारायण मूर्ति के दामाद ऋषि सुनाक और दूसरे आलोक शर्मा हैं। ऋषि सुनाक को ट्रेजरी मिनिस्टर और आलोक शर्मा को अंतरराष्ट्रीय विकास मामलों का विदेश मंत्री बनाया गया है। नए प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने उन सभी लोगों को पदोन्नत किया है, जिन्होंने ब्रेग्जिट मुद्दे पर उनका साथ दिया था। प्रीति इस पद पर पहुंचने वालीं भारतीय मूल की पहली महिला हैं। वह गुजराती मूल की हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी समर्थक मानी जाती हैं। वह ब्रेग्जिट को लेकर थैरेसा मे की नीतियों की मुखर आलोचक थीं। इससे पहले ब्रिटेन के गृह मंत्री पाकिस्तानी मूल के साजिद जाविद थे। उन्हें अब वित्त मंत्री बनाया गया है। जॉनसन बीते 60 साल में कैबिनेट में बदलाव करने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने ब्रेग्जिट मामले पर साथ देने वालों को जमकर प्रमोशन दिया। 11 मंत्रियों को उन्होंने बर्खास्त कर दिया। चार मंत्रियों को इस्तीफा देना पड़ा, वहीं दो को जबरन रिटायर किया गया। इस बार कैबिनेट में 31 मंत्री बनाए गए हैं। थैरेसा मे के समय यह संख्या 29 थी। ऋषि सुनाक रिचमंड (यॉर्कशायर) से कंजरवेटिव पार्टी के टिकट पर 2015 में चुनाव जीते। ब्रेग्जिट समर्थक होने की वजह से सुनाक को पिछले साल ही थैरेसा ने कैबिनेट में शामिल किया था। वहीं आलोक शर्मा को जॉनसन कैबिनेट में अंतरराष्ट्रीय विकास मामलों का राज्य मंत्री बनाया गया है।

2010 में पहली बार सांसद बनीं प्रीति

प्रीति पहली बार 2005 में नॉटिंगम सीट से चुनाव लड़ीं, पर उन्हें जीत नहीं मिली। फिर 2010 में उन्होंने विटहैम सीट से चुनाव जीत लिया था। 2014 में उन्हें ट्रेजरी मंत्री बनाया गया और 2015 के आम चुनावों के बाद वह रोजगार मंत्री बन गई थीं। 2016, जून में उन्हें अंतरराष्ट्रीय विकास मंत्री बनाया गया था, लेकिन एक साल बाद इस्तीफा देना पड़ा। दो साल बाद जबरदस्त वापसी करते हुए ब्रिटेन की गृह मंत्री बन गई हैं।