राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर रही भाजपा

शिमला – हिमाचल  कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह देश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रही है। कभी सिद्धांतों की बड़ी-बड़ी बातें करने वाली भाजपा आज अपने निजी स्वार्थ के लिए अन्य पार्टी के नेताओं को  प्रलोभन देकर  अपने दल में शामिल कर रही है। ऐसा कर भाजपा ने अपना असली चेहरा  दिखा दिया है। राठौर ने कर्नाटक और गोवा में कांग्रेस पार्टी के नेताओं को भाजपा में शामिल करने के प्रयासों की निंदा करते हुए कहा है कि भाजपा देश में कांग्रेस नेताओं पर दबाव बनाकर अपने दल में जोर जबरदस्ती से शामिल कर रही है। उनका कहना है कि देश में कांग्रेस को कमजोर करने के लिए भाजपा एक सोची समझी साजिश के तहत काम कर रही हैं,पर वह इसमें कभी सफल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि देश में भाजपा का यह राजनैतिक षड्यंत्र ज्यादा दिनों तक चलने वाला नही। देश के लोग भाजपा के इस षडयंत्र को देख रहे हैं। समय आने पर कांग्रेस भी और देश के लोग भी इसका माकूल जवाब देंगे।