हमीरपुर को हर रोज चाहिए 70 क्विंटल फल

हमीरपुर –सेहत के प्रति जागरूक हमीरपुर की जनता रोजाना सौ क्विंटल फलों का सेवन करती है। हमीरपुर रोजाना 45 लाख का फू्रट चट कर रहा है। आंकड़ा कभी 100 क्विंटल से कम नहीं हुआ, बल्कि सीजनेबल फलों की डिमांड बढ़ने के बाद आंकड़ा 100 से 120 क्विंटल तक भी पहुंच जाता है। अकेला हमीरपुर शहर ही 70 क्विंटल फल रोज अपने आहार में शामिल करता है। शहर के 17 हजार लोग रोजाना आधा किलोग्राम फल का सेवन करते हैं। माना जा रहा है कि यह आंकड़ा बाकी जिला से सबसे ज्यादा है। यही नहीं, अगर जिला में आम की फसल पक कर तैयार हो जाए तो फलों की खपत का आंकड़ा और अधिक बढ़ जाता है। फिलहाल सब्जी मंडी के अंकड़ों पर नजर दौड़ाई जाए, तो लाखों रुपए का फ्रूट रोजाना पहुंचता है। हैरानी की बात है कि फ्रूट के पहुंचते ही सब्जी मंडी से इसे हाथों-हाथ उठा लिया जाता है। जानकारी के अनुसार हमीरपुर में सबसे अधिक फ्रूट दिल्ली की मंडी से आता है। आम से लेकर अन्य सभी प्रकार के फल इस मंडी से हमीरपुर पहुंचते हैं। जैसे ही गाडि़यां सब्जी मंडी पहुंचती है, आढ़तियों की लाइन लग जाती है। फिर देखते 45 लाख का फ्रूट मंडी से गायब हो जाता है। शिक्षा का हब कहे जाने वाले हमीरपुर के लोग अपने स्वास्थ्य को लेकर भी चिंतित हैं। लाखों के फलों की खपत यह साबित कर रही है कि हमीरपुर की सेहत बेहतर है। बता दें कि हमीरपुर शहर में सबसे अधिक सरकारी मुलाजिम ही रहते हैं। सबसे ज्यादा फलों को यही लोग तवज्जो देते हैं। वहीं, बात ग्रामीण क्षेत्रों की की जाए तो यहां भी लोग 50 क्विंटल के करीब फल खा जाते हैं। बताया जा रहा है कि इस समय सबसे अधिक खपत फलों के राजा आम की है। रोजाना करीब 40 से 50 क्विंटल आम का सेवन हमीरपुर कर रहा है। इसके अलावा जामुन की डिमांड भी बढ़ रही है। रोजाना 10 से 12 क्विंटल जामुन की खपत हो रही है। अन्य फू्रट्स की भी लगातार डिमांड हमीरपुर में रहती है।