हरियाणा को हरा हिमाचल नेशनल कोर्फबाल चैंपियन

 भोरंज, मंडी —31वीं राष्ट्रीय सीनियर कोर्फबाल प्रतियोगिता चार दिवसीय मध्य प्रदेश राज्य के एलएचटीसी विश्व विद्यालय रायसेरी भोपाल में खेली गई। प्रतियोगिता का फाइनल मैच चिर प्रतिद्वंद्वी हिमाचल प्रदेश व हरियाणा राज्य के खिलाडि़यों के बीच खेला गया, जिसमें हिमाचल राज्य के खिलाडि़यों ने हरियाणा राज्य के खिलाडि़यों को हराकर प्रतियोगिता को अपने नाम किया। हिमाचल की टीम ने हरियाणा को गोल्डन गोल के जरिए 12-11 होल से पराजित किया। सोमवार दोपहर खेले गए फाइनल मैच में हिमाचल ने पहले टॉस जीत कर शुरू से ही अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। 25-25  मिनट के खेल में दोनों टीमें 10-10 गोल से बराबर रही। मैच टाई होने से दोनों टीमों को 5-5 मिनट का समय दिया गया। मैच फिर 11-11 गोल से तय हुआ। इसके बाद प्रदेश टीम को जीत मिली। हिमाचल टीम के कोच एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरकाघाट के शारीरिक शिक्षक देवदत्त शर्मा, टीम मैनेजर एवं राजकीय माध्यमिक पाठशाला खतरबाड़ के टीजीटी आर्ट्स पवन रांगड़ा, महिला विंग सुनीता देवी, रैफरी विनोद कुमार का कहना है कि हिमाचल प्रदेश की टीम एक के बाद एक मैच में अच्छा प्रदर्शन कर अपनी खेल प्रतिभा दिखाई है।

विशाल चुने सर्वश्रेष्ठ शूटर, विनोद बेस्ट रैफरी

अखिल भारतीय कोर्फबाल फेडरेशन के उपाध्यक्ष एवं प्रदेश महासचिव डीआर सुमन ने बताया कि  प्रतियोगिता में हिमाचल के कप्तान विशाल शर्मा, हरियाणा के रजत को बेस्ट शूटर, हिमाचल के विनोद कुमार को बेस्ट रैफरी का इनाम दिया गया।