15 दिन में चौथा गोल्ड मेडल

टेबोर एथलेटिक्स मीट में 200 मीटर रेस में भारतीय धाविका हिमा दास ने झटका पहला स्थान

नई दिल्ली – फर्राटा धाविका भारत की हिमा दास ने अपने स्वर्णिम अभियान को बरकरार रखते हुए चेक गणराज्य में हुई टाबोर एथलेटिक्स मीट की 200 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीत लिया है, जो उनका पिछले 15 दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में चौथा स्वर्ण पदक भी है। हिमा ने महिलाओं की 200 मीटर रेस मे 23.25 सेकंड का समय निकाला। भारतीय धाविका को अधिकतर चेक खिलाडि़यों से ही चुनौती मिली। हालांकि वह अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 23.10 सेकंड से थोड़ी दूर रह गईं। अन्य भारतीय धाविका वीके विस्माया ने सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ 23.43 सेकंड का समय निकाला और दूसरे नंबर र रहीं। 19 साल की हिमा का यह पिछले 15 दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में चौथा स्वर्ण पदक है। उन्होंने इस वर्ष पोलैंड में दो जुलाई को हुई पोजनान एथलेटिक्स ग्रां प्री में 200 मीटर रेस में 23.65 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद सात जुलाई को उन्होंने पोलैंड में ही कुटनो एथलेटिक्स मीट में 23.97 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण जीता। हिमा ने इसके बाद 200 मीटर में अपना तीसरा स्वर्ण चेक गणराज्य की क्लाड्नो एथलेटिक्स मीटर में जीता, जहां उन्होंने 23.43 सेकंड का समय निकाला। भारतीय धाविका से उम्मीद रहेगी कि वह आगे भी इस प्रदर्शन को बरकरार रखें, क्योंकि उन्होंने अब तक विश्व चैंपियनशिप की 200 और 400 मीटर रेस के लिए क्वालिफाई नहीं किया है।

अनस के तीन स्वर्ण-एक कांस्य

नई दिल्ली – मोहम्मद अनस ने 15 दिन में देश के लिए तीन स्वर्ण और एक कांस्य जीते हैं। कुटनो एथलेटिक्स मीट में अनस ने 400 मीटर रेस 21.18 सेकंड में पूरी कर स्वर्ण जीता था। पोजनान एथलेटिक्स ग्रां प्री में वे तीसरे पायदान पर रहे थे। उन्होंने पुरुषों की 200 मीटर रेस को 20.75 सेकंड में पूरा किया था। इसके साथ ही उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।