4694 यात्रियों का नया जत्था अमरनाथ रवाना

जम्मू-कश्मीर में 4694 यात्रियों का नया जत्था ‘बम-बम भोले’ के उद्घोष के साथ विभिन्न आधार शिविरों से बुधवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच पवित्र अमरनाथ गुफा के लिए रवाना हुआ।एक यात्रा अधिकारी ने  बताया कि जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से 412 महिलाओं, नौ बच्चों और 44 साधुओं समेत 2642 यात्री पहलगाम मार्ग तथा 379 महिलाओं और 23 साधु-साध्वियों सहित 2052 यात्री बालटाल मार्ग के लिए बसों और अन्य छोटे वाहनों से रवाना हुए। आधार शिविर से यात्रियों के कुल 142 वाहन रवाना हुए।उन्होंने बताया कि महिलाओं और साधुओं समेत 4500 तीर्थयात्रियों का नया जत्था नुनवान पहलगाम शिविर से चंदनवाड़ी के लिए रवाना हुआ। इसके अलावा 7000 यात्री बालटाल आधार शिविर से रवाना हुए। इस बीच विभिन्न स्थानों पर रात्रि विश्राम के लिए रुके यात्री भी आगे बढ़ने लगे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों तरफ से हेलिकॉप्टर सेवा भी सामान्य रूप से जारी है। पहले दो दिन में लगभग 20 हजार लोगों ने हिम शिवलिंग के दर्शन किये। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर रुके लगभग 5000 यात्रियों ने भी आज सुबह दर्शन किये। दर्शन के बाद यात्री अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं।