अरविनकेयर वैल्फेयर ट्रस्ट ने रोपी हरियाली

पंचकूला – सेक्टर-12ए में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अरविनकेयर वैल्फेयर ट्रस्ट के सहयोग से यह पौधारोपण किया गया, जिसमें हरियाणा के एडीजीपी डा. आरसी मिश्रा, हरियाणा के ड्रग कंट्रोलर नरेंद्र आहूजा, हरियाणा बाल कल्याण परिषद के मानद महासचिव कृष्ण ढुल विशेष तौर पर पहुंचे। अरविनकेयर वैल्फेयर ट्रस्ट के प्रधान अतुल गर्ग ने इस मुहिम की सराहना की। एडीजीपी डा. आरसी मिश्रा ने कहा कि पौधे लगाना बहुत जरूरी है और हमें इस अभियान में अपना सहयोग देना चाहिए। पेड़ इनसान की जरूरत हैं, उसके जीवन का आधार हैं। अमूमन सभी मजहबों में पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया गया है। नरेंद्र आहूजा ने बताया कि भारतीय समाज में आदिकाल से ही पर्यावरण संरक्षण को महत्व दिया गया है। भारतीय संस्कृति में पेड़-पौधों को पूजा जाता है। विभिन्न पौधों में विभिन्न देवताओं का वास माना जाता है। इस अवसर पर अजय गुप्ता, शुभम जैन, नवीन कुमार, सुभाष सिंघल, संदीप बी. सिंघल, अभिनव गर्ग, गौरव गर्ग एवं अरविनकेयर वैल्फेयर ट्रस्ट के सदस्य मौजूद थे।