अरुण जेटली के निधन पर बीसीसीआई भावुक

क्रिकेट जगत में शोक, ट्विटर पर श्रद्धांजलि संदेशों का लगा तांता

नई दिल्ली -भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शनिवार को कहा कि क्रिकेट में जेटली का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता, जाने-माने अधिवक्ता और पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली का यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे। जेटली क्रिकेट के कुशल प्रशासक भी थे और दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष भी रहे थे। दिल्ली से घरेलू क्रिकेट खेलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सफर तय करने वाले कई क्रिकेटर्स ने जेटली के निधन पर दुख जताया है। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने जेटली के निधन पर दुख जताया है। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने भी जेटली को श्रद्धांजलि दी है।

गंभीर बोले, मैंने पिता खोया

नई दिल्ली। पूर्व क्रिकेटर और वर्तमान भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने अरुण जेटली के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, एक पिता आपको बोलना सिखाता है, लेकिन पिता समान व्यक्ति आपको यह कला सिखाता है कैसे बोलना है। मेरे पिता समान अरुण जेटली नहीं रहे। मुझसे मेरा एक हिस्सा दूर चला गया है। आरआईपी सर।

आत्मा को शांति मिले

नई दिल्ली। देश के पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली  के निधन से न केवल राजनीति क्षेत्र में, बल्कि क्रिकेट जगत में भी शोक की लहर है। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने शोक जताते हुए इमोशनल मैसेज किया। कोहली ने ट्वीट किया और लिखा, अरुण जेटली के निधन की खबर से हैरान और दुखी हूं। वह वास्तव में एक अच्छे इंसान थे और हमेशा दूसरों की मदद करने को तैयार रहते थे। उनकी आत्मा को शांति मिले।