एचपीटीयू में पर्यावरण संरक्षण की सीख

इंडक्शन प्रोग्राम के तहत आपदा प्रबंधन की भी दी जानकारी

हमीरपुर  – हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के नए छात्रों को फ्रेंडली माहौल देने के लिए यूनिवर्सिटी की ओर से एक सप्ताह के इंडक्शन (अधिष्ठापन) कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को इस कार्यक्रम में जहां आपदा प्रबंधन के बारे में जानकारी दी गई, वहीं छात्रों को पौधारोपण का महत्त्व और पर्यावरण संरक्षण के बारे में भी समझाया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में हिमाचल प्रदेश  विश्वविद्यालय शिमला से भूगोल विभाग के प्रो. देवदत्त शर्मा ने शिरकत की। इस मौके पर डीन एकेडमिक एचपीटीयू प्रो.  कुलभूषण चंदेल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रो. देवदत्त शर्मा ने रिस्क मैनेजमेंट एवं डिजास्टर मैनेजमेंट विषय पर व्याख्यान दिया। प्रो. देवदत्त ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एक्ट के विषय में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गरीबी, जनसंख्या वृद्धि और शहरीकरण यह कुछ ऐसे तत्त्व हैं, जो आपदा के गंभीर कारण बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें एक जागरूक नागरिक होने के नाते अपने पर्यावरण का संरक्षण करना चाहिए। इसके लिए सभी को प्रयास करने चाहिएं।

वीसी प्रो. बंसल ने रोपा पहला पौधा

दूसरे सत्र में मंगलवार को पौधारोपण भी किया गया। इसमें हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसपी बंसल मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने पौधा रोप कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बहुतकनीकी महाविद्यालय के परिसर में पौधारोपण किया। वीसी प्रो. बंसल ने का कि हमारा मकसद यह है कि पढ़ाई के साथ-साथ छात्रों में उन मानवीय पहलुओं का भी संचार करवाया जाए जो उन्हें देश का संपूर्ण नागरिक बनने में मददगार हों।