ऐसा भी हुआ…

अरसे बाद दिखे सुजान सिंह पठानिया

लंबी बीमारी के बाद स्वस्थ होकर सुजान सिंह पठानिया सदन में पहुंच गए। इस दौरान सभी ने उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। यहां आते ही उन्होंने  अपनी पुरानी सीट पर राकेश पठानिया को बैठे देखा तो बोल पड़े, राकेश मेहनत करना, मेरी सीट भी यहीं थी। राकेश पठानिया आज कल मंत्रियों के साथ बैठते हैं।

इनका नुकसान तो पहले ही हो गया

मुख्यमंत्री ने विपक्ष के खिलाफ चुटकी लेते कहा कि इनका नुकसान तो बरसात से पहले ही हो चुका है। इसकी भरपाई करना अब मुश्किल है। उनका कहना है कि बरसात से पहले लोकसभा चुनाव हुए और उस चुनाव में कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी।

सिंघा हाथ के साथ

कांग्रेस विधायक जब बेल में नारेबाजी करते हुए आए तो उनके साथ माकपा नेता राकेश सिंघा भी थे। उन्हें साथ देखकर सभी हैरान रह गए। बाद में सिंघा ने बेल में सरकार के खिलाफ नारे लगाए और जमीन पर बैठकर कांग्रेस का पूरा साथ दिया। पहली दफा उन्हें सदन के भीतर कांग्रेस के साथ प्रोटेस्ट करते देखा गया।