चार सितंबर तक प्रदेश में बारिश

शिमला – हिमाचल  प्रदेश में चार सितंबर तक बारिश का दौरा जारी रहेगा। मौैसम विभाग की मानें तो इस दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी। वहीं, प्रदेश में गुरुवार को भी मौसम साफ बना रहा। हालांकि राज्य के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दिन भर धुंध छाई रही। दोपहर बाद के मैदानी इलाकों सहित मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। इससे तापमान में फिर से गिरावट आंकी गई है। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की गिरावट आंकी गई है। शिमला, सोलन, कांगड़ा के पारे में तीन डिग्री तक की गिरावट आई है, जबकि अन्य  क्षेत्रों में एक से दो डिग्री तक पारा लुढ़का है। राज्य के कुछ स्थानों पर बुधवार रात को भी बारिश हुई। इस दौरान शिमला के रामपुर में सबसे अधिक 25 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा चायल में छह, गगल व  खेरी में दो मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। बारिश होने के बावजूद न्यूनतम तापमान में उछाल आया है। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की बढ़ोतरी आंकी गई है। मौैसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य भर में चार सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा।