नगाड़ों से जन आशीर्वाद यात्रा का स्वागत

कालका में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से किया वेलकम

पंचकूला – मुख्यमंत्री मनोहरलाल के नेतृत्व में कालका सब्जी मंडी से जन आशीर्वाद यात्रा का भव्य आगाज हुआ। इस यात्रा को केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने झंडी दिखाकर रवाना किया। ढोल नगाड़ों, शंखनाद और हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने पुष्पवर्षा करके इस यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। कालका से 18 अगस्त को आरंभ हुई, यह यात्रा प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी और आठ सितंबर को रोहतक में इस यात्रा के समापन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने इस यात्रा के आरंभ होने से पूर्व कालका में श्री काली माता मंदिर में पूजा-अर्चना की और मंदिर के साथ स्थित पहली पातशही गुरुद्वारा में भी नतमस्तक हुए। इस मौके पर गुरुद्वारा साहिब में सिख समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को सिरोपा और कृपाण भेंट करके उनकी जन आशीर्वाद यात्रा की सफलता की कामना की। इस पूजा अर्चना के दौरान मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय जलशक्ति एवं सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रतनलाल कटारिया, हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओम प्रकाश धनखड़, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन, स्थानीय विधायक लतिका शर्मा, भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया तथा मनसा देवी श्राईन बोर्ड के पदाधिकारी व स्थानीय भाजपा नेता उपस्थित रहे।

बारिश में भी डटे रहे लोग

देवभूमि हिमाचल प्रदेश के द्वार कालका से आरंभ हुई जनआशीर्वाद यात्रा पिंजौर, अमरावती, चंडीमंदिर, माजरी चौंक, श्री नाडा साहिब, रामगढ़, बरवाला, मौली, रायुपररानी व जिले के अंतिम गांव प्यारेवाला से होते हुए अंबाला जिला के नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश की जो नारायणगढ़ से यमुनानगर के सढोरा विधानसभा क्षेत्र में दाखिल हुई। कालका से लेकर जिला के अंतिम गांव प्यारेवाला तक सड़क के दोनो ओर लोगों का हजूम देखने को मिला और वर्षा की परवाह किए बिना लोग मुख्यमंत्री को सुनने के लिए खड़े रहे। मुख्यमंत्री ने हर पड़ाव पर लोगों को संबोधित किया और उनसे हाथ खड़े करके विधानसभा में भाजपा को समर्थन देने का अनुरोध किया।

पंचकूला को मोहाली से ज्यादा विकसित करने का वादा

इस मौके पर मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि जनता का आशीर्वाद लेकर वे आगामी कार्यकाल में पंचकूला को मौहाली से ज्यादा विकसित करेंगे और इस जिले को विकास की नई बुलंदियों पर ले जाएंगे। उन्होंने पंचकूला में 160 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे राष्ट्रीय फैंशन डिजाइनिंग संस्थान समेत कई परियोनाओं का जिक्र भी किया।