नशे के खात्मे को मिलकर लड़नी होगी लड़ाई

पांवटा साहिब – हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए हम सबको मिलकर लड़ाई लड़नी होगी। सरकार प्रयास कर रही है लेकिन हमें और जनता को भी सरकार का इस संवेदनशील मुद्दे पर साथ देना होगा। सभी को जागरूकता में भी सहयोग करना होगा। वह पांवटा साहिब में आयोजित रक्षा पेंशन अदालत में शिरकत करने के बाद लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नशा आज समाज का नासूर बन गया है। शांत हिमाचल प्रदेश भी इससे अछूता नहीं है। पुलिस रोजाना कई नशा माफिया को पकड़ रही है। सरकार भी इस दिशा में गंभीर है, लेकिन इसे जड़ से खत्म करने के लिए हम सभी को एकजुटता दिखानी पड़ेगी। हमें मिलकर एक जागरूकता अभियान भी चलाना पड़ेगा, जिसमें युवाओं सहित महिलाओं को भी नशे के दुष्प्रभावों में बारे में जानकारी देनी चाहिए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश में जीरो बजट की खेती तो नहीं लेकिन कम लागत की प्राकृतिक व जैविक खेती की अपार संभावनाएं हैं। इसके लिए उनके साथ-साथ सरकार भी प्रयास कर रही है। प्रदेश के किसानों को जैविक खेती की तरफ ध्यान देना चाहिए। महामहिम राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि सरकारें चाहे केंद्र की हैं या राज्य की हैं सभी सैनिकों के परिवार के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए इस प्रकार की अदालतों का आयोजन किया जाता है, ताकि पूर्व सैनिक या शहीद के परिवारों को सरकार द्वारा दी जाने वाली सभी सुविधाएं मिल सके।