प्रदेश से नागपुर जाएंगे 50 उद्यमी

अखिल भारतीय लघु उद्योग के जयंती समारोह में होगा मंथन

परवाणू – अखिल भारतीय लघु उद्योग भारती संगठन का तीन दिवसीय रजत जयंती समारोह नागपुर महाराष्ट्र में मनाया जा रहा है। इसमें हिमाचल प्रदेश के 50 उद्यमी भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। समारोह की जानकारी हिमाचल प्रांत अध्यक्ष राजीव कंसल, प्रांत महामंत्री विकास सेठ ने दी। उन्होंने कहा कि समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता व अखिल भारतीय संगठन के पदाधिकारी शामिल रहेंगे। समारोह में लघु उद्योग भारती के 25 वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। महिला उद्यमियों को स्वावलंबी व युवाओं को स्वरोजगार, शहरी क्षेत्रों की ओर पलायन रोकने जैसे विषयों पर लघु उद्योग भारती द्वारा किए जा रहे प्रयासों को सामने रखा जाएगा। लघु उद्योग भारती श्रम, वित्त, पर्यावरण, एवं कर नीति पर संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों से भी लोगों को समारोह में अवगत करवाया जाएगा। लघु उद्यमियों की समस्याओं पर गहन विचार मंथन कर नीति बनाई जाएगी। इस मौके पर मुख्य अतिथि आरएसएस के सर संघचालक मोहन भागवत द्वारा 16 अगस्त को कार्यक्रम का उद्घाटन किया जाएगा। तीन दिवसीय कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, रेल मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय राज्य मंत्री, श्रम रोजगार मंत्री, संतोष गंगवार व महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र भी विभिन सत्रों में अपने विचार रखेंगे। इस समारोह में प्रथम पीढ़ी के सफल उद्यमियों को अवार्ड देकर सम्मानित भी किया जाएगा। इस क्षेत्र में अन्य उद्यमी संगठनों का भी समागम रखा गया है, जिसमें राष्ट्रीय स्तर, राज्य, जिला के 125 संगठनों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने बारे स्वीकृति प्रदान की है।