फरार विधायक अनंत सिंह ने किया सरेंडर

नई दिल्ली – बिहार के निर्दलीय विधायक अनंत सिंह ने आवास पर असलहा बरामदगी मामले में शुक्रवार को दिल्ली की साकेत अदालत में समर्पण कर दिया। अनंत सिंह मोकामा स्थित उनके घर से गत शुक्रवार को पुलिस छापे के दौरान एक एके -47 रायफल, 22 कारतूस और दो बम बरामद होने के बाद से फरार थे। इस सिलसिले में पुलिस ने उनके खिलाफ नए संशोधित कानून गैर कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया है। अनंत सिंह के एक नजदीकी रिश्तेदार ने कहा कि वह (अनंत सिंह) 18 अगस्त से ही दिल्ली में थे, जबकि उनके खिलाफ वारंट 20 अगस्त को जारी हुआ था। उन्होंने शुक्रवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने अनंत सिंह के एक नजदीकी सहयोगी एवं हत्या की कोशिश के मामले में आरोपी घुट्टन उर्फ सुनील सिंह को विधायक के घर से गिरफ्तार किया था।