बेरोजगारों की फौज में छह लाख दसवीं पास

पालमपुर –प्रदेश में पंजीकृत बेरोजगारों की फौज में सबसे अधिक आंकड़ा उन विद्यार्थियों का है, जिनकी शैक्षणिक योग्यता दसवीं से लेकर ग्रेजुएशन तक है। वहीं बेरोजगारों की श्रेणी में पंजीकृत लोगों में अनारक्षित वर्ग की संख्या सबसे अधिक दिखाई दे रही है। 31 मार्च, 2019 तक के आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश में इस वर्ग के पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या 615309 हो चुकी है। दसवीं पास करने के बाद विद्यार्थी नौकरी की आस में अपना पंजीकरण करवा रहे हैं। इस सूची में स्नातक की डिग्री प्राप्त कर चुके बेरोजगारों की संख्या 135069 है, तो पंजीकृत स्नातकोत्तर 75046 हैं। प्रदेश के विभिन्न रोजगार कार्यालयों मे 31 मार्च, 2019 तक पंजीकृत 866092 बेरोजगारों में दसवीं से कम तक शिक्षा ग्रहण करने वालों की संख्या 40119 है, तो अनपढ़ श्रेणी में भी 549 पंजीकृत हैं। जानकारों के अनुसार स्नातक का डिग्री हासिल करने के बाद अनेक विद्यार्थी दूसरे राज्यों का रुख कर रहे हैं और वहां पर निजी कंपनियों में अपना भविष्य तलाश रहे हैं, जिस कारण स्नातक व ऊपर की शिक्षा ग्रहण करने वाले पंजीकृत बेरोजगारों का आंकड़ा अपेक्षाकृत कम है। वहीं आंकड़े बताते हैं कि बेरोजगारों की कतार में अनारक्षित वर्ग सबसे अधिक संख्या में है। प्रदेश के कुल पंजीकृत बेरोजगारों में 498982 लोग जनरल कैटेगरी से हैं। इस सूची में अनुसूचित जाति के 209922 और अनुसूचित जनजाति के 49340 लोग शामिल हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग के 107848 लोग भी पंजीकृत बेरोजगारों की सूची में शामिल हैं। प्रदेश भर के इन 866092 पंजीकृत बेरोजगारों में पुरुषों की संख्या 488301 है, तो महिलाओं का आंकड़ा 377791 है। जानकारी के अनुसार पहली अप्रैल, 2018 से 31 मार्च, 2019 तक प्रदेश के रोजगार कार्यालयों में नए पंजीकरण करवाने वालों की संख्या 189058 रही है। सबसे अधिक 42131 नए पंजीकरण जिला कांगड़ा में दर्ज हुए हैं। इस सूची में 37426 की संख्या के साथ जिला मंडी दूसरे और 18094 के आंकड़े के साथ जिला ऊना तीसरे स्थान पर है, जबकि छह जिलों बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, शिमला, सिरमौर और सोलन में पंजीकरण का ग्राफ दस से 16 हजार के बीच रहा है।

31 मार्च, 2019 तक लाइव रजिस्टर

स्नातकोत्तर 75046, स्नातक      135069, 10वीं से स्नातक तक  615309, दसवीं तक 40119, अनपढ़ 549, एससी 209922, एसटी 49340, ओबीसी 107848, अन्य 498982, पुरुष 488301, महिला 377791