‘श्राखी गढ़ी’ को विकसित करेगी केंद्र सरकार

पंचकूला – सिंधु घाटी सभ्यता के विश्व के प्राचीनतम पुरातत्विक स्थल ‘श्राखी गढ़ी’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने के संदर्भ में हरियाणा द्वारा किए गए प्रस्ताव पर केंद्र ने सहमति दी है। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘पर्यटन मंत्रियों का राष्ट्रीय सम्मेलन’ में हरियाणा के शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा ने ‘श्राखी गढ़ी’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर  पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने की दिशा में केंद्रीय पर्यटन मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल के समक्ष प्रस्ताव किया। हरियाणा के शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री ने ‘पर्यटन मंत्रियों का राष्ट्रीय सम्मेलन’ में अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा में स्थित महत्त्वपूर्ण  पुरातत्विक स्थल ‘श्राखी गढ़ी’ सिंधु घाटी सभ्यता का विश्व का सबसे प्राचीन स्थल है। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाए। हरियाणा के शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा ने बताया कि इस स्थल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने के संदर्भ में केंद्रीय पर्यटन मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने सहमति दी है।