सरकार! हक के लिए होगी यलगार

कांगड़ा – हिमाचल पथ परिवहन निगम पेंशनर कल्याण संगठन ने प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। संगठन का आरोप है कि बार-बार मांगों के बारे प्रदेश सरकार को अवगत करवाने के बावजूद इनका हल नहीं किया जा रहा है। इसके चलते निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन का कहना है कि प्रदेश सरकार के आगामी विधानसभा सत्र के दौरान निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा धरना-प्रदर्शन करने के साथ ही रोष रैली भी आयोजित की जाएगी। संगठन के प्रधान दर्शन सिंह तथा महासचिव रघुवीर सिंह ने कहा कि संगठन के पदाधिकारी सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मांगों को लेकर मई में प्रदेश सरकार व निगम प्रबंधन को मांग पत्र सौंप चुके हैं। इसमें संगठन के पदाधिकारियों को उनकी मांगों को जल्द हल करने का आश्वासन दिया गया था। सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्या का हल न होने पर संगठन द्वारा जून में सचिवालय के बाहर धरना भी दिया गया था।