सात साल बाद भाजपा के संगठनात्मक चुनाव

सितंबर के पहले सप्ताह से शुरू होंगे बूथ लेवल इलेक्शन, सत्ती 2012 से अध्यक्ष

शिमला – सात साल बाद हिमाचल में भाजपा संगठनात्मक चुनाव का बिगुल गज गया है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष खीमीराम शर्मा के बाद प्रदेश में संगठनात्मक चुनाव होने जा रहा है। हालांकि 20 अगस्त तक प्राथमिक और 31 तक सक्रिय सदस्यता अभियान चलेगा। उसके बाद सितंबर के पहले सप्ताह से संगठन के चुनाव शुरू होंगे। पहले चरण में बूथ स्तर पर, दूसरे चरण में मंडल और तीसरे चरण में जिलोें के चुनाव होंगे। अंतिम चरण में प्रदेशाध्यक्ष सहित पूरी कार्यकारिणी के लिए इलेक्शन होना है। भाजपा हाइकमान ने संगठनात्मक चुनाव के लिए जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं। इसके लिए सांसद रामस्वरूप शर्मा को प्रदेश चुनाव अधिकारी और राजीव भारद्वाज को चुनाव सह अधिकारी नियुक्त कर दिया है। ऐसे में रामस्वरूप शर्मा की देखरेख में संगठनात्मक चुनाव होंगे। प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष खीमीराम शर्मा के बाद संगठनात्मक चुनाव होने थे, लेकिन 2012 में सतपाल  सत्ती को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। उस साल से लेकर सत्ती प्रदेश अध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। यानी कुल मिला कर सत्ती की अध्यक्षता में 2012 का विधानसभा चुनाव, 2014 का लोकसभा चुनाव, 2017 का विधानसभा चुनाव और अब 2019 का लोकसभा चुनाव हुए। भले ही 2012 के चुनाव में भाजपा सत्ता में नहीं आई, लेकिन 2014 के लोकसभा चुनाव से लेकर अब तक लगातार तीन चुनाव सत्ती की अध्यक्षता में पार्टी को जीत मिलती रही। यहां तक कि 2017 में नगर निगम शिमला का चुनाव भी हुए, जिसमें भाजपा को बड़ी जीत मिली। ऐसे में अब इस बार होने वाले संगठनात्मक चुनाव में देखना होगा कि सतपाल सत्ती को फिर से प्रदेश की कमान सौंपी जाएगी या किसी अन्य नेता को।

अब तक के पार्टी चीफ

जयकिशन शर्मा

शांता कुमार

नगीन चंद्र पाल

गंगा सिंह ठाकुर

सुरेश चंदेल

महेश्वर सिंह

प्रेम कुमार धूमल

सुरेश भारद्वाज

जयराम ठाकुर

खीमीराम शर्मा

सतपाल सत्ती