हरियाणा की इंस्पेक्टर ने जीता गोल्ड

चीन के चैंगडू में आयोजित विश्व पुलिस-फायर गेम्स-2019 में किया बेहतर प्रदर्शन

पंचकूला – हरियाणा पुलिस की इंस्पेक्टर निर्मला ने चीन के चैंगडू में आयोजित विश्व पुलिस और फायर गेम्स-2019 में बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश व पुलिस महकमें का नाम रोशन किया है। पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि निर्मला ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर हरियाणा पुलिस को गौरवान्वित किया है। भीम अवार्डी निर्मला ने 53 किलोग्राम कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले उन्होंने यूएसए में आयोजित विश्व पुलिस गेम्स-2017 में भी स्वर्ण पदक जीता था। निर्मला ने 2010 में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। उन्होंने 2013 और 2017 कॉमनवेल्थ चैम्पियनशिप में क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीते। इसके अलावा 2001 और 2018 के बीच विभिन्न राष्ट्रीय स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर महिला कुश्ती में जगह बनाई। पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने निर्मला को शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा पुलिस के जवान न केवल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं, बल्कि पदक तालिका में भी अपना स्थान बना रहे हैं।