हिमाचल में दो दिन भारी बारिश के आसार

शिमला – हिमाचल प्रदेश में दो दिन जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के मैदानी इलाकों के साथ-साथ शिमला, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, सोलन व चंबा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य भर में 21 अगस्त तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, शुक्रवार को राज्य में दिन भर मौसम खराब बना रहा। राज्य के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। भुंतर के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक तीन डिग्री की गिरावट आंकी गई है। राज्य के अन्य क्षेत्रों के तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आंकी गई है। राज्य के बिलासपुर, मंडी व सिरमौर के कुछ स्थानों पर बीते 24 घटों के दौरान भारी बारिश आंकी गई है। घुमारवीं में सबसे अधिक 115 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा सरकाघाट में 110, गोहर में 58 और नगरोटा सूरियां में 48 मिलीमीटर बारिश हुई है। बारिश होने से न्यूनतम तापमान में भी गिरावट रिकार्ड की गई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दो दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होगी। राज्य में 21 अगस्त तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर बारिश होगी।

कहां, कितना तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    21.2       17.1

सुंदरनगर  29.3       22.5

भुंतर       30.6       21.0

कल्पा     20.9       15.2

धर्मशाला   27.6       19.6

ऊना       32.4       25.4

सोलन     27.5       20.2

नाहन      25.4       17.2

केलांग     20.9       12.8

कांगड़ा    27.4       22.4

बिलासपुर 30.0       25.5

हमीरपुर    29.5       24.8

चंबा       28.1       21.1

डलहौजी  16.9       16.0