11 से शुरू होंगे संगठनात्मक चुनाव

शिमला – भारतीय जनता पार्टी में नया अध्यक्ष दिसंबर महीने में चुना जाएगा। इसके लिए पार्टी ने अपना संगठनात्मक चुनाव कार्यक्रम तय कर दिया है, जिसकी घोषणा शुक्रवार को शिमला में की गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी संगठन की बैठक में मौजूद रहे। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता  प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने की। वहीं  बैठक में अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सांसद एवं राष्ट्रीय सह-चुनाव अधिकारी विनोद सोनकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं मुख्य अतिथि विजय सोनकर शास्त्री ने कहा कि भाजपा अकेली ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जो संविधान के अनुसार तीन वर्षों में चुनाव करवाती है। चुनाव का उद्देश्य आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा बिना किसी राजनीतिक विरासत के कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का कार्य करती है। उधर, भारतीय जनता पार्टी प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के समापन सत्र में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि छह जुलाई से प्रारंभ हुआ सदस्यता अभियान अब समापन की ओर बढ़ रहा है। प्राथमिक सदस्यता 20 अगस्त को संपन्न हो चुकी है और अब प्रदेश में सक्रिय सदस्य बनाने का कार्य शुरू हो चुका है, जो 31 अगस्त तक चलेगा। इसके उपरांत संगठन के चुनाव आरंभ होंगे। बूथ कमेटी से लेकर प्रदेश स्तर तक के चुनाव पूरी प्रक्रिया के साथ संपन्न होंगे। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी का बूथ स्तर का कार्यकर्ता संगठन का कार्य करते-करते मंडल से लेकर जिला, प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचता है, जो कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से पार्टी के लिए काम करता है, वह पार्टी के उच्च पदों तक पहुंच जाता है। वहीं बैठक की शुरूआत में उपस्थित सदस्यों ने पूर्व विदेश मंत्री व भाजपा नेता सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मिक शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

संगठनात्मक चुनाव कार्यक्रमों के लिए शेड्यूल तय

भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक चुनाव के लिए कार्यक्रम की भी घोषणा कर दी गई है। 11 से 30 सितंबर तक बूथ अध्यक्ष तथा बूथ समिति सदस्यों का चुनाव होगा। 11 अक्तूबर से 31 अक्तूबर, तक मंडल अध्यक्ष का चुनाव मंडल स्तर पर समितियों का गठन, 11 नवंबर से 30 नवंबर तक जिला अध्यक्ष तथा प्रदेश परिषद सदस्यों का चुनाव तथा पहली दिसंबर से 15 दिसंबर तक प्रदेश अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का चुनाव होगा।