27 संस्कृत साहित्यकारों को सम्मान

हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने नवाजे, 28.86 लाख की राशि बांटी

पंचकूला – हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने 27 संस्कृत साहित्यकारों को 28.86 लाख रुपए की पुरस्कार राशि एवं विभिन्न अलंकरणों से सम्मानित किया। राजभवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में  आर्य ने कहा कि संस्कृत देव भाषा है और इसके उत्थान के लिए सभी को आगे बढ़कर काम करना चाहिए। उन्होंने इस अवसर पर साहित्य अकादमी की पत्रिका हरिप्रभाए हरिवाक् तथा अकादमी की स्मारिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष कंवर पाल ने कहा कि संस्कृत भाषा व्यक्ति के चरित्र को प्रदर्शित करती है। देश में यह पहली सरकार है जिसने संस्कृत और अपनी संस्कृति को बढ़ाने पर बल दिया है।  हरियाणा संस्कृत अकादमी द्वारा आयोजित संस्कृत सम्मान समारोह में हरियाणा संस्कृत गौरव सम्मान के लिए दो लाख रुपए की पुरस्कार राशि व प्रशस्ति पत्र, महर्षि वाल्मिकी सम्मान तथा महर्षि वेद व्यास सम्मान के लिए 1.5 लाख रुपए एवं प्रशस्ति पत्र दिए गए। इसी प्रकार महर्षि बाणभट्ट सम्मान, विद्यामार्तण्ड पंडित सीताराम शास्त्री आचार्य सम्मान, स्वामी धर्मदेव संस्कृत समाराधक सम्मान के लिए एक लाख  रुपए की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही पुस्तक पुरस्कार सम्मान के तहत 31 हजार रुपए की पुरस्कार की राशि व प्रशस्ति पत्र दिए गए। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कई नामी हस्तियां भी मौजूद रहीं।