कांग्रेस के विकास पर वाहवाही लूट रही भाजपा

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पूर्व चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानिया ने बीजेपी पर कसा तंज

सिहुंता –प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पूर्व चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानिया ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भटियात प्रवास के दौरान पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में निर्मित आधी अधूरी सड़कों के दूसरे चरण का शिलान्यास करने जा रहे हैं।  इससे जाहिर होता है कि हल्के में दो वर्ष के दौरान भाजपा कोई नई विकास योजना का सूत्रपात नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मंजूर विकास योजनाओं का श्रेय ले रही है। उन्होंने भाजपा पर राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम करने का आरोप भी जड़ा है। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस कार्यकाल की उद्घाटन व शिलान्यास पट्टिकाओं को उखाड़ा जा रहा है। वह बुधवार को सिहंुता स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि धारटा मोड़ से नलोह, ढुंढियारा से केहलू, मंधियार से फगोट आदि निर्माणाधीन सड़कों के अभी तक प्रथम चरण का काम पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में इन सड़कों के दूसरे चरण के शिलान्यास का कोई औचित्य नहीं बनता है। उन्होंने कहा कि द्रम्मनाला से रजैंई व गरनोटा- टिकरी- समोट संपर्क मार्ग के अपग्रेडेशन का भी कोई तुक नहीं बनता, क्योंकि इन सडकों पर वाहन तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल है। कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने द्रम्मण से सिहंुता तक मार्ग को डबललेन करने पर 45 करोड़ रुपए की राशि खर्च की थी। और सिहंुता से लाहडू तक मार्ग को डबललेन करने हेतु वर्ल्ड बैंक से 32 करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान किया था। मगर बड़े खेद का विषय है कि इस राशि का कोई अता- पता नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अभी तक सिहंुता कालेज भवन का निर्माण कार्य भी आरंभ नहीं करवा पाई। सिहंुता कालेज में विज्ञान संकाय की कक्षाएं भी आरंभ नहीं हो पा रही है।