कोहली-सिलेक्टर्ज लें धोनी पर फैसला

नई दिल्ली – पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली ने कहा है कि भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ताओं और कप्तान विराट कोहली को अब महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य पर फैसला लेना चाहिए। हाल ही में विराट के सोशल साइट पर एक पोस्ट के कारण धोनी के संन्यास को लेकर फिर से चर्चा होने लगी थी। हालांकि पूर्व कप्तान धोनी ने अब तक अपने संन्यास को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है। उम्मीद थी कि धोनी इस वर्ष इंग्लैंड में हुए आईसीसी विश्वकप के बाद क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लेंगे। मगर उन्होंने ऐसा नहीं किया, जिसके बाद कई पूर्व क्रिकेटर्ज का भी मानना है कि धोनी को अब अपने भविष्य पर कोई फैसला करना चाहिए। पूर्व कप्तान गांगुली ने कहा, मुझे नहीं पता कि चयनकर्ता क्या सोच रहे हैं और कप्तान विराट का क्या सोचना है। मगर ये सभी अहम लोग हैं और इन्हें धोनी के भविष्य पर कुछ सोचना चाहिए। 38 वर्षीय धोनी फिलहाल भारतीय टीम के साथ नहीं हैं। विश्वकप के बाद पहले वेस्टइंडीज़ दौरे से धोनी ने खुद को अलग कर लिया था और सेना की एक महीने की ट्रेनिंग पर चले गए थे।