चिकन गांव को अढ़ाई करोड़ की सौगात

पिंजौर – कालका की विधायक लतिका शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विधानसभा क्षेत्र के गांव नानकपुर में 132 केवी सब स्टेशन की स्थापना की स्वीकृति प्रदान कर दी है और जल्द ही इसका कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। विधायक लतिका शर्मा चिकन गांव में राजकीय आजिविका मिशन के तहत दो करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से स्थापित किए जाने वाले क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र की आधारशिला रखने के उपरांत लोगों को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में कालका विधानसभा क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण इलाकों मे अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री ने हाल ही में एचआरडीएफ  योजना के तहत 6.50 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की है। विधायक लतिका शर्मा ने मोरनी क्षेत्र के भोजजबयाल, पिंजौर के रामपुर जंगी में 80-80 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक केंद्रों का उद्घाटन भी किया। कार्यकारी अभियंता पंचायती राज अशोक कुमार, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अभिमन्यु गोयल, मंडल अध्यक्ष सुनील धीमान, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष वंदना जिंदल, हरेंद्र सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।