नवरात्र में 166 कामर्शियल यूनिट्स बेचेगा हिमुडा

शिमला – नवरात्र में हिमुडा प्रदेश में 166 कामर्शियल यूनिट्स बेचेगा। हिमुडा ने यह सभी यूनिट्स तैयार कर दी हैं। करीब 60 करोड़ की लागत से निर्मित यह यूनिट्स परवाणू और बद्दी में हैं। यह निर्णय हिमुडा की 48वीं बीओडी की बैठक में लिया है। शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में हिमुडा कालानियों का विकास करने का भी निर्णय लिया गया। प्रदेश के छह क्षेत्रों में हिमुडा की कालोनियां बनेगी, जिसके तहत धर्मशाला, शिमला का जठियांदेवी, सिरमौर, ऊना, सोलन और मंडी में हिमुडा टाउन बनाने का निर्णय लिया गया। बीओडी की बैठक में हिमुडा के कर्मचारियों को चार फीसदी डीए देने का भी निर्णय लिया गया। यानी कर्मचारियों की डीए 144 से बढ़ा कर 148 प्रतिशत तय है। हिमुडा के नहीं बिकने वाले फ्लैट्स और प्लाट की बिक्री के लिए विशेष नीति बनाने का भी निर्णय लिया है, ताकि बची हुई संपत्तियों को भी आसानी से बेचा जा सके। बताया गया कि नई नीति तैयार होने से लोगें को राहत भी मिलेगी। इसके लिए हिमुडा जल्द ही रोडमैप तैयार करेगा।