लद्दाख में भारत-चीन के सैनिकों में हाथापाई

नई दिल्ली – लद्दाख में पैंगोंग झील के निकट बुधवार को भारत और चीन के सैनिकों के बीच कहासुनी के बाद झड़प तक हो गई। हालांकि इस मसले को बाद में बातचीत के जरिए सुलझा लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय सैनिक बुधवार सुबह झील के उत्तरी किनारे पर गश्त लगा रहे थे। उसी समय वहां आए चीनी सैनिकों ने उस जगह को चीन का इलाका बताते हुए इस पर आपत्ति जताई। इस बात को लेकर दोनों सेनाओं के जवानों के बीच मामूली कहासुनी के बाद झड़प तक हो गई। कुछ समय बाद दोनों पक्षों के सैनिक अपने क्षेत्रों में लौट गए। सेना के आधिकारिक सूत्रों ने इस घटना की पुष्टि करते हुए गुरुवार को कहा है कि चीन के सैनिकों ने पैंगोंग झील के निकट गश्त लगा रहे भारतीय सैनिकों की वहां मौजूदगी पर आपत्ति जताई थी, हालांकि इस मामले को बाद में शिष्टमंडल स्तर की बातचीत में सुलझा लिया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं वास्तविक नियंत्रण रेखा की स्थिति को लेकर अलग-अलग धारणाओं की वजह से होती हैं। दोनों पक्षों के बीच इस तरह की घटनाओं के समाधान के लिए स्थापित तंत्र मौजूद है। इस तंत्र के माध्यम से इन घटनाओं का समाधान किया जाता रहा है। यह घटना चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अगले महीने की भारत यात्रा से पहले हुई है। भारतीय सेना की माउंटेन स्ट्राइक कोर अरुणाचल प्रदेश में चीन की सीमा से लगते क्षेत्र में अगले महीने ही एक विशाल युद्धाभ्यास ‘हिम विजय’ करने जा रही है।